यूपी: लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी करेंगे बरेली का दौरा, 18 सितंबर को होगी भूकंप-अग्निसुरक्षा पर मॉक एक्सरसाइज

2 Min Read
यूपी: लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी करेंगे बरेली का दौरा, 18 सितंबर को होगी भूकंप-अग्निसुरक्षा पर मॉक एक्सरसाइज

उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूपीएसडीएमए) के उपाध्यक्ष (मुख्य सचिव स्तर) लेफ्टिनेंट जनरल योगेंद्र डिमरी 17 से 19 सितंबर तक बरेली के दौरे पर रहेंगे। इस दौरे का मुख्य मकसद जिले में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और आपात स्थिति में विभिन्न विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता को परखना है।

पहले दिन बरेली कैंट में करेंगे रात्रि विश्राम

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, लेफ्टिनेंट जनरल डिमरी 17 सितंबर को लखनऊ से सड़क मार्ग से बरेली पहुंचेंगे और ऑफिसर्स मेस, यूपी एरिया बरेली कैंट में रात्रि विश्राम करेंगे।

डीईओसी में बैठक के बाद मॉक एक्सरसाइज का अवलोकन

18 सितंबर को सुबह 9:30 बजे वह जिला इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर (डीईओसी) पहुंचेंगे, जहां आपदा प्रबंधन की तैयारियों को लेकर डिजास्टर प्लानिंग स्टाफ के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद सुबह 10 से 10:45 बजे तक भूकंप, औद्योगिक (रासायनिक) और अग्निसुरक्षा विषयों पर आयोजित की जा रही मॉक एक्सरसाइज को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रारंभिक संबोधन देंगे और गतिविधियों का अवलोकन करेंगे।

मॉक एक्सरसाइज स्थल का करेंगे भौतिक निरीक्षण

सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक लेफ्टिनेंट जनरल डिमरी मॉक एक्सरसाइज स्थल पर पहुंचकर आपदा प्रबंधन संबंधी गतिविधियों का प्रत्यक्ष निरीक्षण करेंगे और इस दौरान संबंधित अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी देंगे। दोपहर में वह दोबारा डीईओसी लौटेंगे, जहां मॉक एक्सरसाइज की समीक्षा और समापन वक्तव्य का कार्यक्रम निर्धारित है। 19 सितंबर को दोपहर एक बजे वह सड़क मार्ग से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।

दौरे को लेकर प्रशासन ने तेज की तैयारियां

लेफ्टिनेंट जनरल डिमरी के इस दौरे को देखते हुए जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने आपदा प्रबंधन अभ्यास की तैयारियां तेज कर दी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल डिमरी भारतीय सेना की सेंट्रल कमांड के पूर्व जीओसी-इन-सी रह चुके हैं और सेवानिवृत्ति के बाद अब यूपीएसडीएमए में उपाध्यक्ष के तौर पर राज्य की आपदा प्रबंधन व्यवस्था से जुड़े हैं। यूपीएसडीएमए राज्य में भूकंप, बाढ़, औद्योगिक दुर्घटना और अग्नि जैसी आपदाओं से निपटने की तैयारियों की देखरेख करने वाली नोडल संस्था है।

Share This Article
Exit mobile version