दीपावली का त्योहार मनाने घर लौट रहा एक परिवार हरदोई में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गया। बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास शुक्रवार तड़के एक कार अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके तीन माह के बच्चे की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गुरुग्राम से दीपावली मनाने घर लौट रहा था परिवार
मृतकों की पहचान रमेश कुमार (35), उनकी पत्नी नीलम (32) और उनके तीन माह के बच्चे के रूप में हुई है। रमेश मूल रूप से हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम सर्रा के निवासी थे। उनका परिवार फिलहाल चांद बेहटा में रह रहा था और रमेश हरियाणा के गुरुग्राम में काम करते थे।
दीपावली का त्योहार मनाने के लिए रमेश शुक्रवार तड़के अपनी पत्नी, मासूम बच्चे और साथी आदित्य कुमार के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिलग्राम-कन्नौज मार्ग पर जफरपुर मोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित हो गई और पुलिया से नीचे पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ।
रस्सी की मदद से बाहर निकाला गया घायल युवक
कार के पानी में गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद कार सवार आदित्य कुमार को रस्सी की मदद से बाहर निकाला गया। वह गंभीर हालत में और अचेत था। इसके बाद सभी को एंबुलेंस से कन्नौज जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में तीन लोगों को मृत घोषित किया
अस्पताल में चिकित्सकों ने रमेश कुमार, उनकी पत्नी नीलम और तीन माह के मासूम को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य कुमार का उपचार जारी है। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

