झुंझुनूं: ब्रेकर पर धीमी हुई कार को ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, चार घायल

3 Min Read
झुंझुनूं: ब्रेकर पर धीमी हुई कार को ट्रक ने पीछे से मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, चार घायल

राजस्थान के झुंझुनूं जिले से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र के रघुनाथपुरा गांव के पास स्थित टोल प्लाजा के नजदीक शुक्रवार देर रात ट्रक और कार की भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और शवों व घायलों को बाहर निकालने के लिए कार का गेट तोड़ना पड़ा।

ब्रेकर के पास हुआ हादसा

सूरजगढ़ थाने के एसआई कानाराम के मुताबिक, कार लोहारू की तरफ से झुंझुनूं की ओर आ रही थी। रघुनाथपुरा टोल के पास एक ब्रेकर के नजदीक कार धीमी हुई, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

राहत टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद निकाले घायल

हादसे की सूचना मिलते ही जीवन ज्योति रक्षा समिति के सदस्य मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे घायलों को बाहर निकालकर सूरजगढ़ सीएचसी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने चूरू निवासी शर्मिला, जो सीकर में अपने पति के साथ रहती थीं, और गुढ़ा निवासी महेंद्र शर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश सीथल को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं रेफर किया गया, जबकि सीथल निवासी शीशराम जाट व हरिराम जाट तथा सीकर निवासी आलोक शर्मा का उपचार सूरजगढ़ सीएचसी में जारी है।

दिल्ली आश्रम से लौट रहे थे सभी

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला शर्मिला के पति अभिषेक सहारण सीकर एसपी कार्यालय में कांस्टेबल के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। बताया गया कि कार में सवार सभी लोग दिल्ली स्थित एक आश्रम में अपने गुरुजी से मिलने गए थे और वहीं से घर लौट रहे थे। परिजनों के मुताबिक, यह समूह करीब महीने में एक बार गुरुजी से मिलने दिल्ली जाया करता था।

जांच में जुटी पुलिस

सूचना मिलते ही सूरजगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी परिजनों को दी। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर हादसे के सही कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ट्रक चालक की लापरवाही या अन्य किसी वजह से यह हादसा हुआ, और पुलिस जांच के बाद ही इसकी पुष्टि हो सकेगी।

Share This Article
Exit mobile version