पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बृहस्पतिवार को कानपुर में कहा कि सफलता का पैमाना सिर्फ बड़ी डिग्री, ऊंचा पद या मोटी तनख्वाह नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति की विनम्रता, माता-पिता के प्रति सम्मान और समाज के कमजोर लोगों के प्रति संवेदना ही असली कसौटी है। कोविंद दीनदयालनगर स्थित जुगल देवी सरस्वती विद्या मंदिर के 47वें वार्षिकोत्सव में विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।
शिक्षा का मकसद सिर्फ नौकरी नहीं
कोविंद ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी दिलाना नहीं, बल्कि बेहतर इंसान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि ज्ञान का वास्तविक मूल्य तभी है, जब वह व्यवहार में विनम्रता लाए।
अभिभावकों से अपील
अभिभावकों से उन्होंने कहा कि हर बच्चे की प्रतिभा और रुचि अलग होती है। इसलिए बच्चों की तुलना दूसरों से करने और अच्छे अंक लाने का दबाव बनाने के बजाय उनकी क्षमता पहचानें और उन्हें प्रोत्साहित करें।
एआई के दौर के लिए तैयारी, मातृभाषा का सम्मान
कोविंद ने कहा कि विज्ञान, तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में विद्यार्थियों को नई तकनीक सीखकर वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार होना होगा। उन्होंने कंप्यूटर और विदेशी भाषाओं का ज्ञान हासिल करने की सलाह दी, साथ ही कहा कि मातृभाषा, भारतीय संस्कृति और परंपराओं का सम्मान बना रहना चाहिए।
विद्यालय का इतिहास
कोविंद ने बताया कि 1970 में ईश्वरचंद्र गुप्त और उनके अनुज प्रेमचंद गुप्त ने अपनी माता की स्मृति में इस विद्यालय की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि यहां से विद्यार्थी ज्ञान के साथ सेवा, त्याग, करुणा और राष्ट्रभक्ति के संस्कार लेकर निकलें।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, त्याग, सेवा और सुशासन पर आधारित नाटिका आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने त्योहारों, आजादी का अमृत महोत्सव, महिषासुर मर्दिनी, राजस्थानी लोकनृत्य और वंदे मातरम् पर भी प्रस्तुतियां दीं। अध्यक्षता डॉ. सौरभ मालवीय ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के संस्थापक डॉ. आशीष गौतम और प्रधानाचार्य गीता सिंह मौजूद रहीं।

