मुंबई। मुंबई में आयोजित बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के दौरान गायिका शिल्पा राव की परफॉर्मेंस बीच में रोक दिए जाने से विवाद खड़ा हो गया है। शनिवार, 24 अक्टूबर को हुए इस आयोजन में उनका माइक बंद कर दिया गया और बाद में मंच की लाइटें भी बुझा दी गईं। सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आयोजकों के रवैये पर नाराजगी जताई। आलोचना के बाद आयोजकों ने इंस्टाग्राम पर शिल्पा राव से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है।
मंच पर क्या हुआ
कार्यक्रम के शेड्यूल के अनुसार शिल्पा राव को शाम करीब 7:45 से 8:15 बजे तक परफॉर्म करना था। पहले की परफॉर्मेंस में ज्यादा समय लगने के कारण वह करीब 8:30 बजे मंच पर पहुंचीं। उन्होंने फिल्म अनवर के गाने से शुरुआत की, लेकिन गाना पूरा होने से पहले ही उनका माइक बंद कर दिया गया।
बताया गया है कि क्रू के एक सदस्य ने उन्हें दूसरा माइक दिया। इसके बाद फिल्म देवरा के गाने की प्रस्तुति के बाद माइक फिर बंद हुआ और मंच की लाइटें भी बुझा दी गईं। इसी दौरान दूसरे मंच पर कुतले खान और उनके बैंड ने अपनी परफॉर्मेंस शुरू कर दी, जबकि शिल्पा उस समय मंच पर ही मौजूद थीं। शिल्पा राव ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर निराशा जाहिर की है।
सोशल मीडिया पर क्या कहा जा रहा है
इवेंट में मौजूद कई लोगों ने सोशल मीडिया पर आयोजकों की आलोचना की। कुछ यूजर्स का दावा है कि अनु मलिक और हिमेश रेशमिया जैसे कलाकारों की परफॉर्मेंस तय समय से ज्यादा चली और इसी वजह से शिल्पा राव को रोका गया। एक इंस्टाग्राम यूजर ने यह भी दावा किया कि इवेंट मैनेजर ने मंच पर जाकर अनु मलिक को बताया कि समय नहीं बचा है, फिर भी परफॉर्मेंस जारी रही। कुछ यूजर्स ने अनु मलिक की बेटी की डांस परफॉर्मेंस को शेड्यूल में शामिल करने पर भी सवाल उठाए।
ये सभी दावे सोशल मीडिया यूजर्स के हैं। इस बात की कोई पुष्टि नहीं है कि किसी अन्य कलाकार की परफॉर्मेंस के कारण शिल्पा राव का शो रोका गया। अनु मलिक, उनकी बेटी या हिमेश रेशमिया की ओर से इस पर कोई प्रतिक्रिया फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
आयोजकों ने क्या कहा
बॉलीवुड म्यूजिक प्रोजेक्ट के आयोजकों ने इंस्टाग्राम पर शिल्पा राव से माफी मांगते हुए उनकी परफॉर्मेंस अचानक खत्म किए जाने पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि वे शिल्पा और उनके काम का सम्मान करते हैं। आयोजकों के अनुसार, बड़े म्यूजिक फेस्टिवल में कई कलाकार हिस्सा लेते हैं और शेड्यूल बहुत सख्त होता है, इसलिए पहले की किसी परफॉर्मेंस में देरी होने पर उसका असर पूरे कार्यक्रम पर पड़ सकता है।

