जालौन जिले में पहाड़गांव पुलिस चौकी से करीब 100 मीटर दूर नरी गांव के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर एक दंपती से लूटपाट की। गुरुवार को हुई इस वारदात में आंगनबाड़ी कार्यकत्री सरिता के गहने और उनके पति दीपक सीरोठिया का पर्स छीन लिया गया। पर्स में करीब 13 हजार रुपये थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली और बदमाशों की तलाश में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
कहां से लौट रहे थे दंपती
पहाड़गांव निवासी दीपक सीरोठिया अपनी पत्नी सरिता के साथ जालौन के पास वैरेरा गांव में त्रयोदशी के निमंत्रण में गए थे। गुरुवार को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। नरी गांव में चौकी से लगभग 100 मीटर आगे काले रंग की राइडर बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उन्हें रोक लिया।
तमंचा तानकर धमकाया
पीड़ित दीपक के मुताबिक, एक बदमाश ने तमंचा तानकर धमकी दी, “चुपचाप सामान दे दो, नहीं तो गोली मार देंगे।”
इसके बाद बदमाशों ने सरिता का मंगलसूत्र और फलियों वाला आभूषण उतरवा लिया और दीपक का पर्स छीन लिया। लूट के दौरान आभूषण की दो फलियां मौके पर गिर गई थीं, जिन्हें ग्रामीणों ने बाद में बरामद कर लिया।
बदमाशों का हुलिया
दीपक के अनुसार, बाइक चला रहे बदमाश ने मुंह बांध रखा था, जबकि पीछे बैठे दोनों के चेहरे खुले थे। उनमें से एक ने काली और दूसरे ने सफेद रंग की शर्ट पहनी थी। वारदात के बाद तीनों बाइक से फरार हो गए।
चौकी के पास वारदात, गश्त पर सवाल
वारदात पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई और बदमाश आसानी से निकल गए, इसलिए क्षेत्र में पुलिस की गश्त व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित दंपती से घटना की जानकारी ली। बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। सीओ परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

