डेविस कप 2026 क्वालीफायर्स के दूसरे राउंड में भारतीय टेनिस टीम को साउथ कोरिया के हाथों 3-1 से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही टीम इंडिया का फाइनल-8 में पहुंचने का सफर सियोल के ओलंपिक टेनिस सेंटर में ही थम गया। 18 और 19 सितंबर को खेले गए इस मुकाबले में भारतीय टीम पहले दिन दोनों सिंगल्स मैच गंवाकर 0-2 से पिछड़ गई थी। दूसरे दिन डबल्स में शानदार जीत के साथ टीम ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन निर्णायक चौथे मुकाबले में हार के साथ भारत की चुनौती समाप्त हो गई। गौरतलब है कि भारत में डेविस कप के मुकाबलों का सीधा प्रसारण VETO OTT पर हो रहा है।
पहले दिन दोनों सिंगल्स में मिली हार
18 सितंबर को खेले गए पहले सिंगल्स मुकाबले में भारत के धाक्षिणेश्वर सुरेश (डीके सुरेश) का सामना साउथ कोरिया के सूनवू क्वोन से हुआ। सुरेश ने शानदार शुरुआत करते हुए पहला सेट 6-3 से अपने नाम कर 1-0 की बढ़त बनाई, लेकिन क्वोन ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 6-3 से जीतकर मुकाबला बराबर किया और कड़े तीसरे सेट को 6-4 से जीतकर मैच 2-1 से अपने नाम कर लिया।
इसके बाद खेले गए दूसरे सिंगल्स मुकाबले में भारत के नंबर-1 खिलाड़ी सुमित नागल का सामना पूर्व ऑस्ट्रेलियन ओपन सेमीफाइनलिस्ट ह्योन चुंग से हुआ। नागल ने पहला सेट 6-2 से जीतकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन कोरियाई कोर्ट के लो-बाउंस ने उन्हें परेशान किया और चुंग ने दूसरा सेट 6-4 से जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया। लगभग तीन घंटे तक चले इस मुकाबले के निर्णायक तीसरे सेट में चुंग ने 7-5 से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम किया, जिससे साउथ कोरिया ने भारत के खिलाफ 2-0 की बढ़त बना ली।
डबल्स में मिली जीत से बनी उम्मीद
19 सितंबर को खेले गए डबल्स मुकाबले में भारत की एन श्रीराम बालाजी और डीके सुरेश की जोड़ी का सामना साउथ कोरिया की जिसुंग नाम और उइसुंग पार्क की जोड़ी से हुआ। भारतीय जोड़ी ने पहला सेट 6-3 से जीता, लेकिन कोरियाई जोड़ी ने दूसरा सेट भी 6-3 से जीतकर मुकाबला बराबर कर दिया। निर्णायक तीसरे सेट में भारतीय जोड़ी ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 6-3 से जीत दर्ज की और मुकाबले को 2-1 से अपने नाम कर टीम इंडिया के लिए जीत का खाता खोला, जिससे स्कोर 1-2 हो गया और भारत की फाइनल-8 की उम्मीदें जिंदा रहीं।
नागल की हार के साथ खत्म हुआ भारत का सफर
डबल्स की जीत के बाद सभी की नजरें चौथे मुकाबले पर टिकी थीं, जिसमें भारत की ओर से सुमित नागल का सामना सूनवू क्वोन से हुआ। इस मैच में नागल पूरी तरह फॉर्म से बाहर नजर आए। क्वोन ने पहला सेट एकतरफा अंदाज में 6-1 से जीता और दूसरा सेट भी 6-2 से अपने नाम कर मुकाबले को सीधे सेटों में समाप्त कर दिया। इस जीत के साथ साउथ कोरिया ने टाई 3-1 से अपने नाम कर ली और भारत का डेविस कप 2026 अभियान समाप्त हो गया।
आगे क्या
इस हार के साथ भारत फाइनल-8 में जगह बनाने से चूक गया, जो नवंबर में इटली के बोलोग्ना में आयोजित होगा। वहीं साउथ कोरिया पहली बार फाइनल-8 के लिए क्वालीफाई करने में कामयाब रहा। गौरतलब है कि भारत मौजूदा प्रारूप के तहत पहली बार डेविस कप क्वालीफायर्स के दूसरे राउंड तक पहुंचा था, हालांकि टीम अब तक फाइनल-8 में जगह नहीं बना सकी है। हारने वाली टीम अब 2027 डेविस कप क्वालीफायर्स के पहले राउंड में खेलेगी।

