उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए भागीरथी नदी में समा गई। हादसे के समय कार में चालक समेत सात लोग सवार थे। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है। वहीं, दो महिलाएं अभी लापता हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार में सवार यात्री गुजरात के रहने वाले थे और गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए उत्तरकाशी से आगे जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
हादसा उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील में गंगनानी के पास हुआ। बताया जा रहा है कि इनोवा कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इसके बाद वाहन भागीरथी नदी में समा गया।
दुर्घटना की जानकारी सुबह करीब 7 बजे आपातकालीन संचालन केंद्र को मिली। इसके बाद राहत एवं बचाव दलों को तत्काल घटनास्थल पर रवाना किया गया। नदी का तेज बहाव और दुर्गम इलाका बचाव अभियान में चुनौती बना हुआ है।
चार लोगों के शव बरामद, घायल युवक एम्स ऋषिकेश रेफर
रेस्क्यू अभियान के दौरान अब तक चार लोगों के शव नदी किनारे से बरामद किए गए हैं। एक 17 वर्षीय युवक को गंभीर हालत में सुरक्षित बाहर निकाला गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद हेलीकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
हादसे में लापता दो महिलाओं की तलाश के लिए SDRF, NDRF, जल पुलिस और प्रशिक्षित गोताखोरों की टीमें नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही हैं। जिला प्रशासन पूरे बचाव अभियान की निगरानी कर रहा है।
मृतकों, घायल और लापता लोगों की पहचान
प्रशासन की ओर से उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाले चार लोगों की पहचान हुई है।
मृतक:
-
अशोकबेन पटेल (49 वर्ष), निवासी सूरत, गुजरात
-
रुतिका अशोकभाई पटेल (19 वर्ष), निवासी सूरत, गुजरात
-
घनश्यामभाई सरवालिया (32 वर्ष), निवासी गुजरात
-
सुरेंद्र सिंह, निवासी हरिद्वार (वाहन चालक)
घायल:
– वेदांत अशोकभाई पटेल (17 वर्ष), निवासी गुजरात। उन्हें गंभीर हालत में एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
लापता:
-
सुधाबेन अशोकभाई पटेल (45 वर्ष), निवासी गुजरात
-
किरणबेन विशालभाई पटेल (34 वर्ष), निवासी सुरेंद्रनगर, गुजरात
लापता महिलाओं की तलाश में जुटी बचाव टीमें
हादसे के बाद से ही भागीरथी नदी और आसपास के संभावित इलाकों में लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। तेज बहाव के कारण बचाव दलों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासन के मुताबिक, लापता दोनों महिलाओं का पता लगाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों की मदद ली जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

