मथुरा: पेड़ के सहारे छत पर चढ़े चोर, फौजी के घर तिजोरी तोड़कर उड़ाए 50 लाख के जेवर-नकदी

3 Min Read
मथुरा: पेड़ के सहारे छत पर चढ़े चोर, फौजी के घर तिजोरी तोड़कर उड़ाए 50 लाख के जेवर-नकदी

मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित अलकापुरी कॉलोनी में सेना में तैनात एक जवान के घर से करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात चोरों ने घर में घुसकर तिजोरी का ताला तोड़ा और वारदात को अंजाम दिया।

कैसे हुई वारदात

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, पीड़ित अनिल रावत सेना में सेवारत हैं और उनकी पोस्टिंग बाड़मेर से तमिलनाडु स्थित एनसीसी में हुई है, जिसके चलते वे परिवार को अलकापुरी कॉलोनी स्थित घर में शिफ्ट कर रहे थे। बुधवार को पूरा परिवार सामान रखने के बाद थककर बैठक वाले कमरे में ही सो गया। अनिल के पिता रामशरण के मुताबिक, परिवार रात करीब 11 बजे सोया था। इसके बाद चोर झीने (जालीदार दरवाजे) के रास्ते लॉबी में दाखिल हुए और कमरे में रखी तिजोरी का ताला तोड़कर सोने की चूड़ियां, हार, मंगलसूत्र, दो चेन, अंगूठियां, पेंडल और कान के आभूषण चुरा ले गए। इसके अलावा चांदी की चेन, पायल, बिछिया, लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, चांदी के सिक्कों सहित अन्य चांदी के आभूषण भी चोरी हुए। चोर करीब पांच हजार रुपये नकद भी ले गए।

बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे तिजोरी का ताला टूटा देख परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने भी मौके का मुआयना किया।

पेड़ के सहारे छत पर पहुंचने का शक

पुलिस को आशंका है कि चोर पीछे वाले मकान के सामने खड़े पेड़ों के सहारे चढ़कर छत के रास्ते अनिल के मकान की छत पर पहुंचे। वहां झीने पर लगे सरियों की जाली वाले दरवाजे की कुंडी को हाथ डालकर आसानी से खोल लिया गया, जिसके बाद चोर घर के भीतर दाखिल हो गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि सामने के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई, लेकिन उसमें चोर नजर नहीं आए। आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

इलाके में पहले भी हो चुकी हैं ऐसी वारदातें

पीड़ित परिवार के अनुसार, वर्ष 2023 में बराबर वाले मकान में भी दो बार चोरी की वारदात हो चुकी है। तीसरी बार चोरी के प्रयास के दौरान स्थानीय लोगों ने आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया था। उस समय पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि वे पेड़ के सहारे ही मकान में दाखिल हुए थे, जिससे इलाके में इसी तरीके से चोरी की आशंका को बल मिलता है।

Share This Article
Exit mobile version