उत्तर प्रदेश में डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (डीएलएड) प्रशिक्षण कार्यक्रम की सेमेस्टर परीक्षाएं सोमवार, 21 सितंबर से शुरू हो रही हैं। प्रदेश के 68 जिलों में आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में करीब 3.50 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव राजेंद्र प्रताप के अनुसार डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2025 के प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा 21, 22 और 23 सितंबर को होगी, जिसमें 1.84 लाख अभ्यर्थी बैठेंगे। वहीं डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2024 के तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा 24, 25 और 26 सितंबर को प्रस्तावित है, जिसमें 1.65 लाख परीक्षार्थी शामिल होंगे। सचिव की ओर से संबंधित प्रशिक्षण संस्थानों और अभ्यर्थियों को परीक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
बैक और आंशिक परीक्षार्थियों के लिए भी कार्यक्रम घोषित
डीएलएड प्रशिक्षण बैच 2023 के द्वितीय और चतुर्थ सेमेस्टर के बैक/आंशिक परीक्षार्थियों के लिए भी अलग से परीक्षा कार्यक्रम घोषित किया जा चुका है। द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा 12 से 14 अक्तूबर और चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा 15 से 17 अक्तूबर के बीच प्रस्तावित है।
पुराने बैच के परिणाम को लेकर रहा विवाद
सचिव राजेंद्र प्रताप ने बताया कि डीएलएड बैच 2023 के चतुर्थ सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा 18 से 20 मई 2026 तक हुई थी, जिसका परिणाम 31 जुलाई को घोषित किया गया था। इसके बाद छात्रों की ओर से स्क्रूटनी कराकर परिणाम फिर से घोषित करने और द्वितीय व चतुर्थ सेमेस्टर की बैक पेपर परीक्षाएं कराने की मांग उठी थी। राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद, लखनऊ के निदेशक के निर्देश पर अधिक अध्यापकों को लगाकर स्क्रूटनी का काम कराया गया और इसका परिणाम 16 सितंबर को घोषित कर दिया गया।
अभ्यर्थियों से अफवाहों से बचने की अपील
सचिव ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार परीक्षा में शामिल हों और अफवाहों या भ्रामक खबरों पर ध्यान न देकर अपनी तैयारी पर ध्यान केंद्रित करें।

