पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ मंगलवार को आगरा पहुंचे और ताजमहल देखा। उनके आने की खबर पर प्रशंसकों की भीड़ जुटने की आशंका थी, इसलिए परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। उनकी यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ का अगला बड़ा कॉन्सर्ट 30 अक्तूबर को दिल्ली में होना है।
सुरक्षा घेरे में घूमे परिसर में
दिलजीत ने सुरक्षा घेरे के बीच ताज परिसर का भ्रमण किया और मुख्य गुंबद के पास कुछ समय बिताया। वे प्रसिद्ध डायना बेंच पर भी रुके। सामने आए वीडियो में वे सफेद संगमरमर की इमारत को निहारते और उसकी वास्तुकला का आनंद लेते दिख रहे हैं। उनके आगमन को लेकर प्रशंसकों में उत्साह रहा।
टूर से जुड़ी यात्रा
रिपोर्टों के अनुसार, यह दौरा उनके ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के बीच का है। टूर में दिल्ली के बाद इंदौर, अहमदाबाद, मुंबई, बेंगलुरु और लखनऊ समेत अन्य शहरों में भी कॉन्सर्ट प्रस्तावित हैं।
दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर हुआ था असमंजस
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 30 अक्तूबर को होने वाले शो की अनुमति पर कुछ समय के लिए रोक की खबरें आई थीं। बताया गया कि सुरक्षा कारणों से अनुमति रोकी गई थी, जिससे कॉन्सर्ट रद्द होने की अटकलें लगने लगीं। रिपोर्टों के मुताबिक, आयोजकों ने दिल्ली पुलिस के साथ बैठक कर सुरक्षा, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की अतिरिक्त तैयारियों की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने अनुमति पर दोबारा विचार करते हुए मंजूरी दे दी। भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए स्टेडियम क्षेत्र में अलग व्यवस्था की बात भी सामने आई है।
ताजमहल में डायना बेंच
ताजमहल का मुख्य गुंबद और उसके सामने की यह बेंच पर्यटकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र रहती है। यह बेंच ब्रिटेन की दिवंगत राजकुमारी डायना की 1992 की यात्रा के बाद इसी नाम से प्रसिद्ध हुई।

